लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार आधी रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ। सरकार ने 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में सहारनपुर, लखीमपुर खीरी और अंबेडकरनगर के CDO समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।सबसे ज्यादा चर्चा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विश्वभूषण मिश्रा के तबादले की है। करीब दो साल बाद उन्हें इस जिम्मेदारी से हटाकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) का उपसचिव बनाया गया है। फिलहाल मंदिर के नए CEO के नाम की घोषणा नहीं हुई है।
नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाया
सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में भी बदलाव किया है। महानिदेशक और सचिव नेहा शर्मा को सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद से अवमुक्त कर दिया गया है। उन्हें जुलाई 2026 में ही चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी।वहीं, विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम यादव को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। विश्राम यादव 2010 बैच के PCS अधिकारी हैं और इसी साल जनवरी में उन्हें IAS पद पर प्रमोट किया गया था।
सहारनपुर और लखीमपुर खीरी के CDO भी बदले
सहारनपुर के CDO सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन का CEO बनाया गया है। उनकी जगह राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है।लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया CDO बनाया गया है।अंबेडकरनगर में भी बदलाव हुआ है। यहां के CDO आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव और निदेशक बनाया गया है। वहीं कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा अब अंबेडकरनगर के नए CDO होंगे।
कई विभागों में नई जिम्मेदारियां
तबादला सूची में राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। पहले वे आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव थे। वहीं राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है।इसके अलावा रेशम विभाग के विशेष सचिव और निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
PCS अफसरों की तैनाती में भी बड़ा बदलाव
PCS अधिकारियों की सूची में भी कई जिलों और नगर निगमों में फेरबदल किया गया है। गौतमबुद्धनगर, प्रयागराज, बहराइच, देवरिया, कासगंज, एटा, मिर्जापुर, बागपत, जालौन और आगरा समेत कई जगहों के अपर जिलाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कई उपजिलाधिकारियों का भी तबादला हुआ है।नगर निकायों में भी नई पोस्टिंग हुई है। गाजियाबाद, वाराणसी और मथुरा नगर निगमों में नए अपर नगर आयुक्त तैनात किए गए हैं। वाराणसी में बरखा सिंह और गाजियाबाद में रेणु को अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रियंका सिंह को मथुरा नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।अब इन अधिकारियों के नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद संबंधित विभागों और जिलों में प्रशासनिक कामकाज पर इसका असर देखने को मिलेगा।