बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बक्सर पहुंचे। उन्होंने वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वामन भगवान महोत्सव में शामिल होने और उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा की और डीएम साहिला से मंदिर से जुड़ी जानकारी ली। पूजा के बाद वे करीब 12:45 बजे चुरामनपुर के लिए रवाना हो गए।
जमुई मामले पर सवाल
मंदिर से बाहर निकलते समय मीडिया ने मुख्यमंत्री से जमुई में हुई घटना को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और बक्सर-कोइलवर तटबंध को फोरलेन किए जाने की जानकारी दी।
बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
सम्राट चौधरी ने कहा कि बक्सर से भागलपुर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। प्रस्तावित मार्ग बक्सर, आरा, अरवल, जहानाबाद और शेखपुरा होते हुए भागलपुर तक जाएगा। उन्होंने बक्सर-कोइलवर तटबंध को फोरलेन किए जाने की भी बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन परियोजनाओं से राज्य के विकास को गति मिलेगी।
जीविका दीदियों से किया संवाद
चुरामनपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि गांवों में महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस की मदद ले सकती हैं। उन्होंने जीविका दीदियों से गांव की अन्य महिलाओं को भी इस सुविधा के बारे में जानकारी देने की अपील की।
जीविका भवन का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन और जीविका भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने ‘कहानी बदलाव’ कार्यक्रम के लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इसके अलावा अलग-अलग विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
कैनाल प्रोजेक्ट का 3-D मॉडल देखा
कार्यक्रम के दौरान कैनाल प्रोजेक्ट का 3-D मॉडल और PPT के जरिए प्रस्तुतीकरण किया गया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की रूपरेखा, प्रस्तावित कार्यों और संभावित लाभों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना को लेकर जानकारी ली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।