हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, बिजली, जल निकासी, सीवरेज, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं। इन परियोजनाओं से महेंद्रगढ़ शहर के साथ-साथ आसपास के कई गांवों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
सड़क और नहरी पानी की परियोजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने दुलोठ अहीर से सोहली राजस्थान बॉर्डर तक सड़क निर्माण के लिए 52.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा सोहला और मांडोला में नहरी पानी से जुड़ी वाटर बॉडी परियोजनाओं के लिए 15 करोड़ रुपये तथा देवावास, भगडाना, माजरा कलां और डैरोली जाट में इसी तरह की परियोजनाओं के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई।
डुलाना से रेवाड़ी तक सड़क निर्माण के लिए भी 5 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया गया।
135 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 135 करोड़ 42 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें महेंद्रगढ़-अटेली सड़क के नवीनीकरण पर 13 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये और खातोदड़ा-नांगल माला सड़क के नवीनीकरण पर 12 करोड़ 77 लाख 69 हजार रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।
बाघोत में 5 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन, नांवा में 69.70 लाख रुपये की व्यायामशाला, डुलाना में 40.29 लाख रुपये के पशु अस्पताल और खुडाना में 14 करोड़ 26 लाख 87 हजार रुपये की लागत से तैयार जलघर का भी उद्घाटन किया गया।
जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
सुरजनवास गांव में 64.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आयुष डिस्पेंसरी का शिलान्यास किया गया। वहीं डालनवास में 8 करोड़ 43 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले 33 केवी सब स्टेशन और लावन में 6 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाले जलघर की आधारशिला रखी गई।
महेंद्रगढ़ शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ब्रह्मदेव चौक, माहीचान मोहल्ला और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के आसपास ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की 12 करोड़ 80 लाख 40 हजार रुपये की परियोजना भी शामिल है। शहर की सीवरेज व्यवस्था के लिए 20 करोड़ 51 लाख 70 हजार रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया।
स्कूलों और खेल सुविधाओं के लिए भी बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ नगर पालिका के नए भवन के लिए 4 करोड़ 36 लाख 87 हजार रुपये तथा महेंद्रगढ़ किले के जीर्णोद्धार के लिए 8 करोड़ 83 लाख 98 हजार रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके अलावा प्रदेश में 11 नए स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 26 करोड़ 37 लाख रुपये की राशि और 3,396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को खेल गतिविधियों के लिए कुल 33 करोड़ 96 लाख रुपये का अनुदान जारी किया गया। प्रत्येक पात्र विद्यालय को एक लाख रुपये की खेल अनुदान राशि दी गई।
जांगिड़ समाज के लिए भी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जींद में जांगिड़ धर्मशाला तथा कुरुक्षेत्र में विश्वकर्मा कौशल भवन एवं छात्रावास के लिए एचएसवीपी के माध्यम से नियमानुसार प्लॉट उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही, महेंद्रगढ़ स्थित जांगिड़ ब्राह्मण धर्मशाला में छात्रावास और कुरुक्षेत्र की जांगिड़ धर्मशाला के लिए मुख्यमंत्री के ऐच्छिक कोष से 31-31 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।