गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेंशन पाने वाले लाभार्थियों की संख्या के साथ-साथ पेंशन की राशि भी बढ़ाई जाएगी। फिलहाल करीब 1.10 करोड़ लोगों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी। इनमें पुलिस और होमगार्ड में 77 हजार भर्तियां शामिल होंगी। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर को करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी।
पेंशन की संख्या और राशि दोनों बढ़ेंगी
उर्वरक नगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है। वर्तमान में करीब 1.10 करोड़ लाभार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द पेंशन पाने वाले लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी और पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि निराश्रित बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांगजन अपने भविष्य को लेकर चिंतित न हों, सरकार की पेंशन व्यवस्था उनके लिए सहारा बनेगी।
7 अक्टूबर से लगेंगे कैंप
मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 अक्टूबर से एक सप्ताह तक प्रदेश में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं से छूटे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाकर संतृप्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को राशन, आवास, शौचालय और उज्ज्वला योजना के कनेक्शन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना भी संचालित है। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी। इनमें यूपी पुलिस और होमगार्ड में 77 हजार भर्तियां शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि इससे पहले साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। माध्यमिक और बेसिक शिक्षा समेत अन्य विभागों में भी टीजीटी, पीजीटी और शिक्षक पदों पर भर्ती के विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था को लेकर भी विपक्ष पर आरोप लगाए और कहा कि उस समय नौकरियों में अनियमितता और न्यायालयी विवादों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था।
गोरखपुर को 40 करोड़ की 119 परियोजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने शहर में विकसित सड़क, फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं का उल्लेख किया।
सीएम ने नकहा पुल, रेलवे ओवरब्रिज, फोरलेन सड़कों, स्पोर्ट्स कॉलेज और सैनिक स्कूल समेत कई परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बरगदवा-नकहा, स्पोर्ट्स कॉलेज-पादरी बाजार-मोहद्दीपुर और गोरखनाथ-स्पोर्ट्स कॉलेज समेत कई मार्गों के फोरलेन होने की जानकारी दी।
रामगढ़ताल के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
3.09 करोड़ में बना कल्याण मंडपम
मुख्यमंत्री योगी ने उर्वरक नगर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का भी लोकार्पण किया। करीब 3.09 करोड़ रुपये की लागत से 2461 वर्गमीटर में तैयार इस मंडपम में बड़ा हॉल, मिनी हॉल, चार कमरे, मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मंडप, भोजनालय और पार्किंग की सुविधा है।
सीएम ने कहा कि यहां गरीब परिवारों की बेटियों की शादी, मुंडन संस्कार, प्रवचन, सम्मेलन और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि गोरखपुर महानगर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 10 कल्याण मंडपम उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इन मंडपम में लोग न्यूनतम दर पर शादी, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्यक्रम कर सकेंगे।
गोरखपुर में 500 से ज्यादा उद्योग, 50 हजार युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनमें करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि पहले रोजगार के लिए गोरखपुर और आसपास के जिलों के युवाओं को पंजाब, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था।
सीएम के मुताबिक अब गीडा में गोरखपुर के साथ देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, मऊ, संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के जिलों के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश अब कर्फ्यू और दंगा मुक्त है तथा प्रदेश में कानून का राज है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था जरूरी है।
सीएम ने फर्टिलाइजर कारखाने के दोबारा शुरू होने, सैनिक स्कूल, एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नए उद्योगों के साथ उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बंटने से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि समाज के एकजुट रहने और विकास पर ध्यान देने से प्रदेश आगे बढ़ेगा।