राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक प्रोडक्ट्स का विज्ञापन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फिल्म स्टार्स का युवाओं और देशवासियों पर गहरा प्रभाव होता है, इसलिए उन्हें अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल सकारात्मक संदेश देने के लिए करना चाहिए।
युवाओं पर पड़ता है असर
राष्ट्रपति मुर्मू ने मंगलवार को गुजरात में आयोजित 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकप्रिय फिल्म कलाकारों में देशवासियों, खासकर युवाओं को प्रभावित करने की असीम क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि जब सफल कलाकार अनुशासित जीवनशैली और उसके फायदों के बारे में बताते हैं तो करोड़ों बच्चे और युवा उनका अनुसरण करते हैं।
हानिकारक प्रोडक्ट्स का एंडोर्समेंट न करें
राष्ट्रपति ने लोकप्रिय कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का एंडोर्समेंट नहीं करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, “स्टार वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।” उनकी यह अपील ऐसे समय में आई है जब सेलिब्रिटीज की ओर से पान मसाला और अन्य प्रोडक्ट्स के विज्ञापन को लेकर समय-समय पर बहस होती रही है।
महिला भागीदारी पर भी जोर
राष्ट्रपति मुर्मू ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए फिल्मों का चयन करने वाली ज्यूरी में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी की भी बात कही। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्रीय ज्यूरी में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उनके मुताबिक, किसी भी क्षेत्र में महिलाओं का नजरिया शामिल करने से किसी विषय को हर पहलू से देखने वाली सोच विकसित होती है।
विमल इलायची विज्ञापन मामला


हाल ही में महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन से जुड़े मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। महाराष्ट्र FDA के अनुसार, यह अभियान विमल पान मसाला के अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार से जुड़ा हो सकता है। राज्य में विमल पान मसाला प्रतिबंधित है। नोटिस के जरिए तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन में शामिल होने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। यह मामला अदालत तक भी पहुंचा। दिल्ली हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र FDA के नोटिस को चुनौती देने वाली PB एग्रो LLP की याचिका खारिज कर दी थी।
अक्षय कुमार ने छोड़ा था विज्ञापन
साल 2022 में अक्षय कुमार के विमल पान मसाला विज्ञापन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अक्षय ने प्रशंसकों से माफी मांगी और ब्रांड एंबेसडर के तौर पर पीछे हटने का फैसला किया। अक्षय ने यह भी कहा था कि विज्ञापन से मिली एंडोर्समेंट फीस को अच्छे काम के लिए दान किया जाएगा।
पुराने विज्ञापन पर दी सफाई
अक्टूबर 2023 में विमल का एक और विज्ञापन सामने आने के बाद अक्षय कुमार को फिर सोशल मीडिया पर सवालों का सामना करना पड़ा। इस पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने वह विज्ञापन नया शूट नहीं किया था। अक्षय के मुताबिक, यह विज्ञापन अक्टूबर 2021 में शूट हो चुका था और कॉन्ट्रैक्ट की अवधि के कारण कंपनी के पास इसे प्रसारित करने का अधिकार था। उन्होंने कहा था कि भविष्य में वह ऐसे विज्ञापन शूट नहीं करेंगे।