बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव को सोमवार को पॉक्सो की विशेष अदालत में पेश किया गया। पुलिसकर्मी उसे सहारा देकर कोर्ट तक लेकर पहुंचे, क्योंकि पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद उसका इलाज चल रहा था। नंदन को 22 सितंबर को पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा
नंदन की पेशी को देखते हुए जमुई थाना, झाझा थाना और चकाई थाना की पुलिस को कोर्ट परिसर में तैनात किया गया। इससे पहले मामले के दूसरे आरोपी हरेराम यादव की पेशी के दौरान कोर्ट के बाहर लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी।
पुलिस मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव और हरेराम यादव को पकड़ने के लिए कार्रवाई की गई थी। दोनों के नदी किनारे झाड़ियों में छिपे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस का दावा है कि नंदन ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
19 सितंबर को सामने आया था मामला
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को जमुई के मड़वा पहाड़ के पास दो नाबालिग छात्राओं के साथ कथित तौर पर सड़क पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की और केस दर्ज किया। मामले की जांच के लिए SIT भी गठित की गई थी।
वीडियो बनाने और फैलाने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने लोगों से वीडियो को शेयर या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की है, क्योंकि इसमें नाबालिग की पहचान सामने आने का खतरा है।
अब तक कई गिरफ्तारियां
पुलिस के मुताबिक, मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नाबालिग आरोपियों को बाल न्याय प्रक्रिया के तहत भेजा गया है, जबकि बालिग आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। नंदन यादव को अब पॉक्सो की विशेष अदालत में पेश किए जाने के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना होगा।
मामले की जांच में पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, आरोपियों की भूमिका और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वालों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।