हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अशोक सिंहल ने अपनी प्रतिभा, समय और पूरा जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंहल की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि व्यापक जनसंपर्क और संगठन के माध्यम से उन्होंने आंदोलन को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने परिसर में अशोक सिंहल के जीवन और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आज विश्व हिंदू परिषद, हरियाणा द्वारा गुरुग्राम में आयोजित श्रद्धेय श्री अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष समारोह में सम्मिलित होकर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) September 27, 2026
राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा के लिए श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने… pic.twitter.com/QP7XGvfCHA
युवाओं के लिए प्रेरणा है अशोक सिंहल का जीवन
सीएम सैनी ने कहा कि अशोक सिंहल ने व्यक्तिगत उन्नति के बजाय अपने ज्ञान और सामर्थ्य को समाज के काम में लगाने का रास्ता चुना। उन्होंने संतों, धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम परिवारों को व्यापक सांस्कृतिक उद्देश्यों से जोड़ने का काम किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से भारतीय परंपराओं को समझने, मूल ग्रंथों का अध्ययन करने और विद्वानों से संवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत जड़ों वाला वृक्ष ही ऊंचाई तक पहुंचता है।
जन्म शताब्दी वर्ष में सेवा कार्यों पर जोर
सीएम सैनी ने जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा में सहयोग, रक्तदान, स्वास्थ्य सहायता, पौधरोपण और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता जैसे कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। विश्व शांति केंद्र के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनि ने कहा कि अशोक सिंहल का सपना अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का भव्य निर्माण देखना था। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण को उनके संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
VHP पदाधिकारियों समेत कई लोग रहे मौजूद
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने भी अशोक सिंहल के जीवन और भारतीय संस्कृति के लिए उनके योगदान का उल्लेख किया। समारोह में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक बिमला चौधरी, विधायक मुकेश शर्मा, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा और गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कौशिक समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विहिप के प्रदेश मंत्री यशवंत शेखावत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विहिप के प्रांत अध्यक्ष राधेश्याम चिलाना ने प्रस्तुत किया।