जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यूसमर्ग के कोराग इलाके में मंगलवार देर रात शुरू हुए एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर हाशिम मूसा के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने खुफिया इनपुट के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
भारतीय सेना के चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मिलकर ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें एक आतंकी मारा गया। सेना ने इस ऑपरेशन को 'ऑपरेशन कोराग' नाम दिया है।
जंगल में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी
एनकाउंटर के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आशंका है कि इलाके में और आतंकी छिपे हो सकते हैं। ऑपरेशन पूरा होने तक सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टीमें इलाके में तैनात हैं।
सितंबर में अब तक 5 आतंकियों के मारे जाने की जानकारी
जम्मू-कश्मीर में सितंबर के दौरान अलग-अलग ऑपरेशन में पांच आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें बडगाम में यासिर, उधमपुर में दो पाकिस्तानी आतंकी और डोडा में बरामद हुआ एक आतंकी का शव शामिल है। अब बडगाम में मूसा के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।मूसा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। अधिकारियों के मुताबिक, वह सितंबर की शुरुआत में यूसमर्ग इलाके में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। उस ऑपरेशन में उसका करीबी सहयोगी यासिर मारा गया था।