दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों पार्क में गए, जहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया। आरोप है कि युवकों ने नाबालिग को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है।
एनकाउंटर में आरोपी आसिफ गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह साउथ ईस्ट दिल्ली में आरोपी आसिफ को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल आसिफ को AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक और पिस्टल बरामद की है। FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस अब गैंगरेप में शामिल बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
सितंबर में नाबालिगों से रेप के तीन मामले
दिल्ली में सितंबर के दौरान नाबालिगों से यौन अपराध के कई मामले सामने आए हैं। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 साल की नाबालिग से गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था। इसके बाद 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 साल की बच्ची से रेप की घटना की जानकारी सामने आई। अब कालकाजी में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला दर्ज हुआ है। NCRB के मुताबिक, वर्ष 2024 में दिल्ली में POCSO के 1,553 मामले दर्ज हुए थे। यह आंकड़ा बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।