गणपति बप्पा के स्वागत के साथ घरों में गणेश उत्सव की रौनक बढ़ गई है। इस खास मौके पर भक्त भगवान गणेश के लिए तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाकर भोग लगाते हैं। अगर आप इस बार बप्पा को कुछ अलग और स्वादिष्ट भोग लगाना चाहते हैं, तो चना सत्तू से बने मोदक ट्राई कर सकते हैं। सत्तू मोदक बनाना बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी आसानी से मिल जाती है। खास बात यह है कि इन्हें भाप में पकाकर या बिना पकाए भी तैयार किया जा सकता है।
सत्तू मोदक बनाने के लिए सामग्री
-
चना सत्तू – 1 कप
-
गुड़ – ½ कप
-
घी – 3-4 बड़े चम्मच
-
नारियल का बुरादा – ¼ कप
-
काजू-बादाम – 2 बड़े चम्मच, कटे हुए
-
इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-
दूध – 2-3 बड़े चम्मच
-
किशमिश – जरूरत के अनुसार
सबसे पहले सत्तू को भूनें
सत्तू मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें। इसमें चना सत्तू डालकर धीमी आंच पर करीब 3-4 मिनट तक भूनें। जब सत्तू से अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें। सत्तू को ज्यादा तेज आंच पर न भूनें, वरना इसका स्वाद बदल सकता है।
तैयार करें मोदक का मिश्रण
अब एक बड़े बर्तन में भुना हुआ सत्तू लें। इसमें गुड़, नारियल का बुरादा, कटे हुए काजू-बादाम, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद बचा हुआ घी डालें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर मिश्रण को नरम और बांधने लायक बना लें। दूध एक साथ ज्यादा न डालें, वरना मिश्रण बहुत गीला हो सकता है।
सांचे में दें मोदक का आकार
अब मोदक के सांचे पर हल्का सा घी लगा लें। तैयार मिश्रण को सांचे में भरें और अच्छी तरह दबाकर मोदक का आकार दें। इसी तरह सारे मोदक तैयार कर लें। अगर आप मोदक को बिना भाप में पकाए बना रहे हैं, तो सांचे से निकालने के बाद उन्हें कुछ देर सेट होने के लिए रख दें।
चाहें तो भाप में भी पका सकते हैं
अगर आपको नरम मोदक पसंद हैं, तो तैयार मोदक को करीब 5-7 मिनट तक भाप में पका सकते हैं। इससे मोदक और भी नरम और स्वादिष्ट हो जाएंगे। इस तरह कम समय और आसानी से तैयार हो जाएंगे चना सत्तू के स्वादिष्ट मोदक। गणेश उत्सव में इन्हें भगवान गणेश को भोग लगाने के साथ परिवार के साथ भी प्रसाद के रूप में परोसा जा सकता है।