आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी माता मंदिर के पास दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के बाद उफनते बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
उज्जैन से टैक्सी लेकर पहुंचे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु उज्जैन से टैक्सी किराए पर लेकर मां बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन करने नलखेड़ा पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास स्थित बरसाती नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था।
तेज बहाव में नाले में बह गई कार
बताया जा रहा है कि नाला पार करते समय कार तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में कार पानी में बह गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने उफनते नाले में काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला।
कार में सवार सभी आठ लोगों की मौत
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कार से आठ लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जल्दबाजी में नाला पार करने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश और पानी के बहाव के बीच चालक ने जल्दबाजी में नाला पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार पानी के तेज बहाव में फंस गई और बह गई। हालांकि पुलिस हादसे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।
ओडिशा के रहने वाले थे सभी मृतक
एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हुई है। सभी मृतक ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है।
प्रशासन ने शुरू की हादसे की जांच
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। तेज बारिश के दौरान बरसाती नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। हादसे ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।