असम की तेजपुर यूनिवर्सिटी में 20 वर्षीय B.Sc छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित हॉस्टल के अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारकर कनकलता सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने छात्र के कमरे से एक डायरी भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि डायरी में छात्र ने एक नोट लिखा था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
क्लास से लौटे साथी ने देखा शव
विश्वविद्यालय के कुलसचिव चंदन गोस्वामी के मुताबिक, मृतक छात्र असम के नगांव जिले का रहने वाला था और इंटीग्रेटेड केमिस्ट्री विभाग में B.Sc के पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह हॉस्टल के एक कमरे में दूसरे छात्र के साथ रहता था।
बुधवार, 16 सितंबर की सुबह उसका रूममेट अपनी कक्षा के लिए चला गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह वापस हॉस्टल के कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद उसने वेंटिलेटर से कमरे के अंदर झांका, जहां छात्र फंदे से लटका दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस को दी।
अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
शोणितपुर के SSP बरुण पुरकायस्थ ने बताया कि पुलिस को बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे घटना की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर छात्र को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के पहुंचने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
डायरी में लिखे नोट का खुलासा नहीं
पुलिस को छात्र के कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें कथित तौर पर उसकी मौत से पहले लिखा गया एक नोट मौजूद है। हालांकि, जांच एजेंसी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि नोट में क्या लिखा है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डायरी और उसमें मिले नोट समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।