राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास एक ईको वैन तेज बहाव वाले नाले में बह गई। हादसे में अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव दल अन्य लापता लोगों की तलाश में जुटा है। सभी शवों को सारंगपुर लाया गया है।
एक ही परिवार के 11 लोग थे सवार
बताया जा रहा है कि वैन में देवास जिले की सतवास तहसील के धांसड़ गांव के एक ही परिवार के 11 लोग सवार थे। सभी लोग सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे। परिवार बंजारा समाज से संबंधित बताया जा रहा है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
दो लोग सुरक्षित बाहर निकले
वैन में सवार मुकेश और हुकुम किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
क्रेन से निकाली गई वैन
रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से ईको वैन को नाले से बाहर निकाला। हालांकि, वाहन के अंदर कोई शव नहीं मिला। इसके बाद बचाव दल ने नाले और आसपास के क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी।
अधूरा पुल बना हादसे की वजह
हादसा पड़ाना के पास झिरी नाले पर हुआ। यहां करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि चालक को अधूरा पुल दिखाई नहीं दिया और वाहन पानी में उतर गया। इसके बाद तेज बहाव में वैन नाले में बह गई।
चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ी कार
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के मुताबिक उन्होंने चालक को आगे पानी भरा होने के कारण वाहन नहीं ले जाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने बताया कि आगे घुटनों तक पानी था, लेकिन चालक ने चेतावनी के बावजूद वाहन आगे बढ़ा दिया। सड़क पर रेलिंग नहीं होने के कारण वैन सीधे नाले में जा गिरी।
मंत्री और विधायक ने जताया दुख
बागली विधायक मुरली भंवरा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि मंत्री गौतम टेटवाल अस्पताल पहुंच चुके हैं और मुख्यमंत्री को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। शासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी
हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए नाले में सर्च ऑपरेशन जारी है। हादसे ने निर्माणाधीन पुल और सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसको लेकर सीएम डॉ मोहन यादव ने पोस्ट कर लिखा...
राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं।
मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में लापता नागरिकों की खोजबीन जारी है।
बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!