मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता विकसित राजस्थान के आधार हैं. प्रदेश के युवा अपने सामर्थ्य और समर्पण से माता-पिता के सपनों को साकार करें. राज्य सरकार युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक संसाधन, सहयोग और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवा रही है.
CM 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शामिल
मुख्यमंत्री शनिवार को बीकानेर स्थित जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान के सभागार में आयोजित 'युवा संवाद : विकसित राजस्थान-2047' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे. उन्होंने कहा कि युवा राजस्थान की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित, आत्मनिर्भर राजस्थान के साथ नए भारत के निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभाएंगे. कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
आज बीकानेर में ‘युवा संवाद : विकसित राजस्थान @ 2047’ के माध्यम से प्रदेश के युवा साथियों से आत्मीय संवाद किया। उनके सपनों, विचारों और सुझावों को सुनना राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर को और करीब से देखने जैसा अनुभव रहा।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) August 15, 2026
युवाओं के सपनों में नए राजस्थान की उड़ान है और उनके… pic.twitter.com/qCKqNGCsJl
रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है. इसके लिए राजस्थान युवा नीति सहित 36 नीतियां लागू की गई हैं. स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है. स्थानीय उपज की प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी. प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों पर लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
पेपर लीक माफिया पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक माफिया के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को जेल भेजा गया है. अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित की जा चुकी हैं. करीब 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं. वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी हैं, जबकि 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी करीब 4 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं.
एआई और ऑनलाइन कोचिंग का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की घोषणा की है. ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज भी की जाएगी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न युवाओं से संवाद किया. युवाओं ने अपने अनुभव साझा करने के साथ ही सुझाव भी दिए.
पांच पीएम ई-बसों की सौगात

मुख्यमंत्री ने सुगम और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बीकानेर में पांच नई पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में विधायक जेठानंद व्यास, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे.
CM बीकानेर से पुराना नाता
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीकानेर से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है. संगठन में कार्य करने के दौरान उन्होंने बीकानेर के कार्यकर्ताओं के साथ काम किया है और यहां के प्रत्येक कार्यकर्ता से उनका परिचय रहा है. भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है. मुख्यमंत्री ने आगामी नगर निगम, निकाय एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर जनप्रतिनिधियों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया.
जनता तक पहुंचाएं सरकार की योजनाएं
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ जनता के बीच जाएं और सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएं. संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा आगामी चुनावों में सफलता हासिल करेगी. मुख्यमंत्री ने बीकानेर शहर और देहात में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा. वहीं, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आने के बाद कार्यालय पहुंचे कई कार्यकर्ताओं को प्रवेश नहीं मिल सका, जिससे वे नाराज नजर आए. कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस की स्थिति भी बनते देखी गई.