छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी में तीन दिवसीय 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का शुभारंभ किया। मेले में देशभर से उद्योगपति, निवेशक, उद्यमी, खरीदार और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित करने का एलान किया।
500 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप’ और ‘निपुण मिशन’ के तहत सभी जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस योजना पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता से जोड़ना और उन्हें नए व्यवसाय शुरू करने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना है।
100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब भी बनेंगी
सरकार ने उद्यमिता केंद्रों के साथ 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्रियल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की भी योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल नियम और नीतियां बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उद्योगों के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार करने पर भी काम करेगी।
300 से ज्यादा एमएसएमई की भागीदारी
इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 में 300 से अधिक एमएसएमई इकाइयां हिस्सा ले रही हैं। इन इकाइयों की ओर से अपने उत्पादों, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। मेले को उद्योगों, निवेशकों और स्टार्टअप के बीच सीधे संवाद का मंच बनाया गया है।
एआई और ग्रीन एनर्जी पर सरकार का फोकस
छत्तीसगढ़ में पारंपरिक उद्योगों के साथ एआई, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल और फार्मा जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उभरते क्षेत्रों में राज्य के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। नवा रायपुर को प्रमुख टेक्नोलॉजी और आईटी हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
प्लग एंड प्ले और सिंगल विंडो सिस्टम मजबूत होगा
उद्योगों को जल्द काम शुरू करने की सुविधा देने के लिए सरकार प्लग एंड प्ले सुविधाओं का विस्तार कर रही है। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। नई औद्योगिक नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि छत्तीसगढ़ को अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को वास्तविक उद्योगों में बदलने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि लघु उद्योगों से जुड़े प्रयासों के चलते करीब 50 हजार लोगों को रोजगार मिला है।
उद्योगों के लिए आकर्षण केंद्र बनाने का दावा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सरकार की नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ उद्योगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सरकार का जोर निवेश के साथ रोजगार और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने पर है।