राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज मेवाड़-कांठल क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ और उदयपुर में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
प्रतापगढ़ में जनसभा को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके साथ ही वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे। क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को लेकर कार्यक्रम के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्यमंत्री उदयपुर पहुंचेंगे, जहां भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन और पार्टी स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उदयपुर में संभाग स्तरीय बैठक
उदयपुर में डबोक एयरपोर्ट के पास स्थित एक रिसॉर्ट में संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के मुताबिक बैठक में संभाग के विभिन्न जिलों से पार्टी के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में जिलाध्यक्षों के साथ सांसद, विधायक, विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी और वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होने की जानकारी दी गई है।
चुनाव से पहले संगठन पर फोकस
पंचायतीराज चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की तैयारियों और चुनाव से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के साथ पार्टी संगठन से जुड़े विषयों पर भी फोकस रहेगा।