भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। डायल-112 के हेल्पलाइन WhatsApp नंबर पर मुख्यमंत्री को लेकर धमकी भरा संदेश भेजा गया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भोपाल लाया जा रहा है।
23 सितंबर को भेजा गया था मैसेज
जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे भोपाल के भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में डायल-112 के WhatsApp नंबर पर यह संदेश आया था। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी दी गई थी। संदेश में मुख्यमंत्री को लेकर कुछ आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई थीं। मैसेज मिलने के बाद डायल-112 में तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस को शिकायत दी गई।
मैसेज एडिट कर किया डिलीट
बताया गया कि धमकी भेजने वाले व्यक्ति ने बाद में WhatsApp मैसेज को दो बार एडिट किया और फिर उसे डिलीट कर दिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने समय रहते मैसेज का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। इसी आधार पर आगे की जांच शुरू की गई। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले में प्रकरण दर्ज किया और धमकी भेजने वाले मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू की।
मुंबई में मिली आरोपी की लोकेशन
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल नंबर की लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम मुंबई पहुंची और शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को भोपाल ला रही है। यहां उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उसने मुख्यमंत्री के नाम पर धमकी भरा संदेश क्यों भेजा और इसके पीछे उसकी क्या वजह थी।