भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के चार नंबर कोकता में 23 वर्षीय नवविवाहिता पूजा अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात बिस्तर में अगरबत्ती से आग लग गई थी, जिसकी चपेट में आने से पूजा गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी जान चली गई।
मामले में पूजा के भाई रवि अहिरवार ने उसके पति अशोक अहिरवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का दावा है कि शादी के बाद से पूजा को प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने आग लगने की घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
अगरबत्ती से आग लगने की बात सामने आई
पुलिस के मुताबिक, पूजा अपने पति अशोक अहिरवार के साथ चार नंबर कोकता में रहती थी। गुरुवार रात घर में बिस्तर पर अगरबत्ती से आग लगने की बात सामने आई। आग की चपेट में आने से पूजा गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और घटनास्थल से मिले सामान की भी जांच की जा रही है।
भाई का दावा- घटनास्थल पर मिला केरोसिन
पूजा के भाई रवि ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका पति शराब के नशे में उसके साथ बदसलूकी और मारपीट करता था। रवि का दावा है कि घटनास्थल से केरोसिन भी मिला है। इसी आधार पर परिवार ने आग लगने की घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
दो साल पहले की थी लव मैरिज
परिजनों के मुताबिक, पूजा ने करीब दो साल पहले अशोक अहिरवार से लव मैरिज की थी। भाई का आरोप है कि शादी से अशोक के परिवार के लोग खुश नहीं थे और पूजा को लगातार ताने दिए जाते थे। रवि के मुताबिक, पूजा ने अपनी मां से बातचीत के दौरान कई बार ससुराल में परेशानी होने की बात बताई थी। परिवार का यह भी कहना है कि पूजा करीब एक महीने की गर्भवती थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
बिलखिरिया पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की स्थिति, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आग वास्तव में अगरबत्ती से लगी थी या इसके पीछे कोई दूसरा कारण था।