इंदौर के सूर्यदेव नगर में शुक्रवार शाम एक महिला का शव उसके घर के वॉशरूम से बरामद हुआ। शव की स्थिति काफी खराब थी और पुलिस के मुताबिक यह करीब चार दिन पुराना होने का अनुमान है। घर से तेज बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने महिला के रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और वॉशरूम से 38 वर्षीय अनुराधा एकतारे का शव बरामद किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मां के निधन के बाद अकेली रह रही थी
रिश्तेदारों के मुताबिक अनुराधा की मां रंजना का पिछले साल निधन हो गया था। इसके बाद से वह घर में अकेली रह रही थी। बताया गया कि अनुराधा अपनी निजी जिंदगी में किसी का दखल पसंद नहीं करती थी और अकेले रहना चाहती थी। इसी वजह से रिश्तेदार भी उससे ज्यादा संपर्क में नहीं रहते थे। हालांकि, उसके घर पर कुछ लोगों का आना-जाना बना रहता था।
बदबू आने के बाद हुआ खुलासा
शुक्रवार को पड़ोसियों को अनुराधा के घर से तेज बदबू महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों को फोन कर इसकी जानकारी दी। रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान वॉशरूम में अनुराधा का शव मिला। शव डीकंपोज हो चुका था, जिसके आधार पर पुलिस ने मौत कई दिन पहले होने का अनुमान जताया है।
पोस्टमार्टम से सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल रिश्तेदारों ने किसी व्यक्ति पर शक नहीं जताया है। पुलिस हादसे समेत अन्य संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घर पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारण और समय का पता लगाने की कोशिश कर रही है।