जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में MLC चुनाव को लेकर आयोजित शिक्षा संवाद में हिस्सा लिया। माधोपुर स्थित शहीद प्रमोद बीएड कॉलेज में हुए कार्यक्रम में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव और स्नातक प्रत्याशी डॉ. विमोहन भी मौजूद रहे। इस दौरान PK ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में वोट अपील की।
शिक्षकों को 7वें वेतनमान की गारंटी
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में शिक्षकों की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं और शिक्षक अलग-अलग श्रेणियों में बंटे हैं। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज की ओर से सभी श्रेणी के शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों के लिए वेतनमान सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
वित्तरहित शिक्षकों के समाधान का दावा
PK ने कहा कि वित्तरहित शिक्षकों की दशकों पुरानी समस्या का समाधान और समायोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने को लेकर राज्य स्तर पर मानक तैयार करने की बात कही, ताकि शिक्षकों का अनावश्यक इस्तेमाल रोका जा सके।
युवाओं को 10 हजार नौकरी का वादा
स्नातक मतदाताओं को लेकर प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि डॉ. विमोहन जन सुराज के उम्मीदवार के तौर पर जीतते हैं, तो तिरहुत क्षेत्र के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को 10 हजार नौकरियां दिलाने का सीधा वादा पूरा किया जाएगा।
दो प्रत्याशी, दो बड़े वादे
प्रशांत किशोर ने कहा कि श्याम नंदन यादव के जीतने पर शिक्षकों को 7वां वेतनमान और डॉ. विमोहन के जीतने पर 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने इन दोनों घोषणाओं को जन सुराज की प्रमुख चुनावी गारंटी बताया।
JDU पर साधा निशाना
JDU पर तंज कसते हुए PK ने कहा कि सत्ता में नहीं होने के बावजूद उनकी आवाज उठाने के बाद सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाई और Student Credit Card की राशि फिर 4 लाख रुपए की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल विधायक बनना या सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि बिहार में व्यवस्था में सुधार करना है।
बोले- ताकत लोगों की है
प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य में जहां भी अन्याय होता है, लोग जन सुराज की ओर उम्मीद से देखते हैं। उन्होंने विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जन सुराज लगातार जनता की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि असली ताकत किसी विधायक की नहीं, बल्कि जनता की होती है।