भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। चीन के मोकी में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट पक्का किया। कप्तान अनमोल एक्का भारत की जीत के हीरो रहे। उन्होंने मुकाबले में दो गोल किए। भारत अब 13 सितंबर को फाइनल खेलेगा। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और साउथ कोरिया आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले के विजेता से भारत का खिताबी मुकाबला होगा। भारत मौजूदा चैंपियन है और उसके पास लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप जीतने का मौका है।
अनमोल के दो गोल से मिली बढ़त
पूल-ए में शीर्ष पर रहने के बाद भारत का सामना सेमीफाइनल में पूल-बी की दूसरे नंबर की टीम मलेशिया से हुआ। भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मलेशिया पर दबाव बनाए रखा। कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सुखविंदर ने भी एक गोल किया। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ने एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़त कायम रखी और मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया। मलेशिया ने पूल स्टेज में कजाकिस्तान और बांग्लादेश को हराया था। उसे पाकिस्तान के खिलाफ 5-2 से हार मिली थी, जबकि चीन को 1-0 से हराकर उसने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
पूल स्टेज में भारत का दबदबा
भारत को पूल-ए में साउथ कोरिया, जापान, चीनी ताइपे और इंडोनेशिया के साथ रखा गया था। टीम ने चार मैचों में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ 10 अंक जुटाए और पूल में पहला स्थान हासिल किया। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 14-0 की बड़ी जीत से की। इस मैच में प्रभदीप सिंह ने पांच, अनमोल एक्का ने चार और अजीत यादव ने तीन गोल किए। जापान के खिलाफ भारत का मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। इसके बाद टीम ने साउथ कोरिया को 7-3 से हराया। इस मैच में अनमोल ने दो गोल किए। पूल के आखिरी मुकाबले में भारत ने चीनी ताइपे को 15-0 से शिकस्त दी। अनमोल एक्का ने अकेले छह गोल किए।
लगातार तीसरे खिताब पर नजर
भारत अब लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का चैंपियन बनने की कोशिश करेगा। टीम ने 2023 में पाकिस्तान को फाइनल में 2-1 से हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2024 में भी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। 2024 का खिताब भारत का इस टूर्नामेंट में पांचवां खिताब था। इससे पहले टीम 2004, 2008 और 2015 में भी चैंपियन बन चुकी है। 2023 की जीत के बाद भारत ने सबसे ज्यादा जूनियर एशिया कप खिताब जीतने के मामले में पाकिस्तान को पीछे छोड़ा था।
जूनियर वर्ल्ड कप की राह भी साफ
जूनियर एशिया कप में सिर्फ खिताब ही दांव पर नहीं है। यह टूर्नामेंट एशियाई टीमों के लिए FIH जूनियर वर्ल्ड कप का क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट भी है। भारत के साथ मलेशिया, पाकिस्तान और साउथ कोरिया ने सेमीफाइनल में पहुंचकर 2027 जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में अब भारत के सामने एशिया कप की ट्रॉफी जीतने के साथ अपना दबदबा कायम रखने का मौका है।