हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के लिए शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति निष्ठा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हल्द्वानी में आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी के साथ शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा गौरव सेनानी मिलन समारोह में पूर्व सैनिकों को संबोधित किया। pic.twitter.com/9V1lBzYrMf
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 10, 2026
शहीदों के परिजनों के सम्मान को सरकार प्रतिबद्ध
CM धामी ने कहा कि शहीद स्मारक भावी पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
महालक्ष्मी मंदिर में की पूजा-अर्चना
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ नैनीताल भ्रमण के दौरान बरेली रोड स्थित श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर, बेरीपड़ाव में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।