मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने एक प्रोटीन पाउडर को लेकर सोशल मीडिया पर चिंता जताई है। बिपाशा ने दावा किया कि नए खुले प्रोटीन पाउडर के जार में छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने इसका वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए मामले में दखल देने की अपील की।
बिपाशा ने वीडियो के साथ लिखा कि तुकाराम मुंढे ही उनकी एकमात्र उम्मीद हैं, ताकि लोगों को खरीदे जाने वाले सामान में खराब या मिलावटी चीजें न मिलें।
वीडियो में उंगली पर दिखाया कीड़ा
वीडियो में बिपाशा एक छोटे से कीड़े को अपनी उंगली पर दिखाती नजर आईं। उन्होंने दावा किया कि प्रोटीन ड्रिंक के नए डिब्बे में ऐसे कई छोटे-छोटे कीड़े मौजूद थे।

बिपाशा ने वीडियो में कहा कि यह नया डिब्बा है, जिसे अभी खोला गया था। इसके बाद उन्होंने अपनी उंगली पर मौजूद कीड़े को कैमरे के सामने दिखाया।
श्वेता तिवारी भी उठा चुकी हैं सवाल

इससे पहले एक्ट्रेस श्वेता तिवारी भी ऑनलाइन ऑर्डर किए गए एनर्जी ड्रिंक को लेकर ऐसा ही मामला सामने आने पर चर्चा में आई थीं। श्वेता ने दावा किया था कि उन्हें डिलीवरी के दौरान कॉकरोच मिला।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए तुकाराम मुंढे को टैग कर मामले पर ध्यान देने की अपील की थी। इसके बाद फूड सेफ्टी को लेकर तुकाराम मुंढे की कार्रवाई और सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा बढ़ गई।
प्रीति जिंटा और ट्विंकल खन्ना ने भी दी प्रतिक्रिया

तुकाराम मुंढे के फूड सेफ्टी अभियान को लेकर बॉलीवुड की कई हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में प्रीति जिंटा को मुंबई में ऐसी टी-शर्ट पहने देखा गया, जिस पर ‘टीम तुकाराम मुंढे’ लिखा था। इसे उनके फूड सेफ्टी अभियान के समर्थन के तौर पर देखा गया।
वहीं, ट्विंकल खन्ना ने भी मुंढे की इंस्पेक्शन को लेकर चर्चा पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या किसी सरकारी अधिकारी का सिर्फ अपना काम करना इतना असामान्य है कि वह खबर बन जाए।
सलमान खान ने भी ली फिरकी

सलमान खान भी तुकाराम मुंढे का जिक्र किए बिना उनसे जुड़ी चर्चा को लेकर मजाक करते नजर आए। उन्होंने अपनी दोस्त सृष्टि साहनी के बांद्रा स्थित नए कैफे का वीडियो शेयर करते हुए हाइजीन और क्वालिटी बनाए रखने की बात कही।
सलमान ने मजाकिया अंदाज में चेतावनी दी कि अगर हाइजीन मेंटेन नहीं रखी गई तो वह ‘HIM’ को भेज देंगे। सोशल मीडिया पर इसे महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे की ओर इशारा माना गया।
हालांकि, बिपाशा बसु द्वारा साझा किए गए वीडियो में दिखे कीड़ों को लेकर संबंधित प्रोडक्ट कंपनी या अधिकारियों की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।