शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला मंगलवार को भी थमता नजर नहीं आया। सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूटकर 72,100 के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी करीब 200 अंक गिरकर 22,600 के स्तर पर पहुंच गया। ऑटो, मेटल और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है।बाजार में लगातार आठवें हफ्ते कमजोरी बनी हुई है। इससे पहले सोमवार को भी सेंसेक्स 1,124 अंक गिरकर 72,772 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 360 अंक की गिरावट के साथ 22,780 पर रहा था।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली से दबाव
बाजार पर विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव लगातार बना हुआ है। पिछले 7 दिनों में FII/FPI ने करीब 5,353 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने इसी दौरान करीब 5,189 करोड़ रुपए की खरीदारी की है।यानी घरेलू निवेशकों की खरीदारी के बावजूद विदेशी फंड की लगातार निकासी बाजार पर भारी पड़ रही है।
एशियाई बाजार भी कमजोर
भारतीय बाजार के लिए ग्लोबल संकेत भी ज्यादा राहत देने वाले नहीं हैं। मंगलवार को एशियाई बाजारों में भी गिरावट रही। कोस्पी 0.66%, निक्केई 0.87% और हैंगसेंग 0.53% नीचे कारोबार कर रहे थे।इससे पहले सोमवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स 0.67%, नैस्डैक 0.92% और S&P 500 में 0.77% की गिरावट रही।
4 IPO में निवेश का आज आखिरी मौका
बाजार में गिरावट के बीच IPO सेगमेंट में आज निवेश का आखिरी मौका है। रनवाल एंटरप्राइजेज, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर, ओरिएंट केबल्स और एसवेक्टर के IPO 25 सितंबर को खुले थे।इनमें रनवाल एंटरप्राइजेज करीब 499.83 करोड़ रुपए, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर 303.90 करोड़ रुपए, ओरिएंट केबल्स 552 करोड़ रुपए और एसवेक्टर करीब 420 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में आए हैं।अब बाजार की नजर विदेशी निवेशकों की गतिविधियों, ग्लोबल संकेतों और आगे की बिकवाली पर रहेगी। लगातार कमजोरी के बीच अगले कारोबारी सत्र बाजार की दिशा के लिए अहम रहेंगे।