मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार, 25 सितंबर को शुरुआती कारोबार में रिकवरी देखने को मिल रही है। कल की बड़ी गिरावट के बाद सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा चढ़कर 73,700 के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी करीब 50 अंक मजबूत होकर 23,100 के स्तर पर पहुंच गया है। ऑटो और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी नजर आ रही है।
4 IPO आज से खुले
निवेशकों के लिए आज से चार IPO खुल रहे हैं। रनवाल एंटरप्राइजेज, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर, ओरिएंट केबल्स और एसवेक्टर के IPO में आज से बोली लगाई जा सकती है।इन चारों कंपनियों की योजना IPO के जरिए कुल करीब 1,776 करोड़ रुपए जुटाने की है। रनवाल एंटरप्राइजेज करीब 499.83 करोड़, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर 303.90 करोड़, ओरिएंट केबल्स 552 करोड़ और एसवेक्टर 420 करोड़ रुपए जुटाएगी।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई 1.23% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.90% ऊपर है। वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 1.74% नीचे कारोबार कर रहा है।
FII की बिकवाली जारी
विदेशी निवेशकों यानी FII/FPI ने पिछले 7 दिनों में 7,796 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशकों की नेट बिकवाली 28,161 करोड़ रुपए रही।हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं। DII ने पिछले 7 दिनों में 13,560 करोड़ और पिछले 30 दिनों में 64,529 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की है।
कल सेंसेक्स 1,248 अंक टूटा था
गुरुवार, 24 सितंबर को बाजार में भारी गिरावट रही थी। सेंसेक्स 1,248 अंक गिरकर 73,581 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 384 अंक टूटकर 23,063 के स्तर पर पहुंच गया था।