सीतामढ़ी के केथरिया में जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद उनके परिवार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। बाजपट्टी विधायक रामेश्वर महतो के साथ परिवार के लोग मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान बैद्यनाथ महतो की बेटी अपने पिता को याद कर भावुक हो गईं। वह रोने लगीं और परिवार की परेशानी मुख्यमंत्री को बताई। बेटी को इस तरह रोता देख सम्राट चौधरी ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा, ‘मैं आपका भाई हूं।’
परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार की जरूरत के मुताबिक हरसंभव मदद की जाएगी। साथ ही हत्याकांड में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हत्या को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में भी काफी नाराजगी है। परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।