श्योपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में श्योपुर जिले में दीपों से चीते की मनोहारी आकृति बनाई गई। हजारों दीपों से साकार की गई यह आकृति कूनो नेशनल पार्क की उस ऐतिहासिक उपलब्धि को समर्पित रही, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भारत में चीतों के पुनर्वास की शुरुआत हुई थी।
कूनो नेशनल पार्क को चीतों के पुनर्वास के लिए देश में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। दीपों से बनाई गई चीते की आकृति ने कूनो की पहचान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में दीपों की रोशनी से सजा चीता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यह प्रस्तुति मध्यप्रदेश की जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और कूनो की नई पहचान को रेखांकित करती नजर आई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दीपों से बनी चीते की आकृति के माध्यम से कूनो की उपलब्धि और प्रदेश की गौरवपूर्ण वन्यजीव विरासत का उत्सव मनाया।