राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में 1 रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर के अंदर गला रेतकर किसी ने हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से दो दिन पहले ही काम पर रखा गया नौकर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब बताया जा रहा है।
घर के अंदर हुई वारदात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अपनी पत्नी के साथ इस मकान में रहते थे। हत्या की यह वारदात घर के अंदर ही हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से तमाम जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के असली कारणों और वारदात के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
दो दिन पहले रखा गया नौकर हुआ गायब
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड से जुड़ा 1 अहम पहलू सामने आया है। बता दें कि पीड़ित परिवार ने महज दो दिन पहले ही एक नए नौकर को काम पर रखा था, जो इस घटना के बाद से ही घर से लापता बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हत्या में सीधे तौर पर इसी नौकर का हाथ है, लेकिन उसकी संदिग्ध अनुपस्थिति को सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं जैसे लूटपाट के इरादे से वारदात, आपसी रंजिश या अन्य कारणों को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। लापता नौकर की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।