स्मार्ट कपड़े संग्रहण युक्तियाँ

अलमारी में कपड़े ठूंसने की जरूरत नहीं, मौसम बदलते ही इन स्मार्ट ट्रिक्स से कम जगह में सेट करें ज्यादा कपड़े

फॉल सीजन में कपड़ों की व्यवस्था के लिए अलमारी की स्मार्ट प्लानिंग और सही स्टोरेज समाधानों का उपयोग करें।

By : सोनिया रायकवार
अलमारी में कपड़े ठूंसने की जरूरत नहीं, मौसम बदलते ही इन स्मार्ट ट्रिक्स से कम जगह में सेट करें ज्यादा कपड़े

मौसम बदलते ही सबसे पहले अलमारी को व्यवस्थित करने की चिंता शुरू हो जाती है। गर्मियों के हल्के कपड़ों की जगह अब फुल स्लीव टी-शर्ट, जींस, कुर्ती, हल्के जैकेट और स्वेटर लेने लगते हैं। लेकिन फॉल सीजन में समस्या थोड़ी ज्यादा होती है, क्योंकि इस समय न पूरी तरह गर्मी रहती है और न ही इतनी ठंड कि सारे गर्म कपड़े बाहर निकाल दिए जाएं।

ऐसे में अलमारी में कपड़ों को ठूंसने के बजाय थोड़ी स्मार्ट प्लानिंग से ज्यादा कपड़े कम जगह में रखे जा सकते हैं। इससे अलमारी व्यवस्थित भी रहेगी और जरूरत पड़ने पर कपड़े निकालना भी आसान होगा।

सबसे पहले गर्मियों के कपड़ों की छंटाई करें

अलमारी से गर्मियों के कपड़े निकालकर उन्हें अलग-अलग करें। जो कपड़े पूरे सीजन में एक बार भी इस्तेमाल नहीं हुए, उन्हें दोबारा रखने से पहले सोचें कि क्या अगले साल भी आप उन्हें पहनेंगे। जो कपड़े पुराने हो चुके हैं, फिट नहीं आते या लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए हैं, उन्हें अलग कर दें। इससे बिना जरूरत के कपड़ों को स्टोर करने की जगह बचेगी।

कपड़ों को धोकर ही करें स्टोर

गर्मियों के कपड़ों को सीधे बैग या बॉक्स में भरकर रखने से बचें। उन्हें पहले अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें। पसीने, धूल या खाने के दाग लंबे समय तक कपड़ों पर रहने से जिद्दी हो सकते हैं। गंदे या नम कपड़ों में बदबू और कीड़ों की समस्या भी हो सकती है। जिस स्टोरेज बॉक्स या बैग में कपड़े रखने हैं, उसे भी साफ और सूखा रखें।

अलमारी की सफाई के बाद ही रखें नए कपड़े

गर्मियों के कपड़े पैक करने के बाद अलमारी के खाली हिस्से की अच्छी तरह सफाई करें। शेल्फ, कोनों और नीचे की जगह से धूल निकालें। मॉनसून के बाद अलमारी में नमी रह सकती है, इसलिए मौसम बदलने पर पहले अलमारी को साफ और सूखा करना बेहतर है। इसके बाद ही सर्दियों के कपड़े व्यवस्थित करें।

बेड के नीचे की जगह का करें इस्तेमाल

अगर अलमारी में जगह कम है तो बेड के नीचे की जगह भी काम आ सकती है। गर्मियों के साफ और सूखे कपड़ों को ढक्कन वाले स्टोरेज बॉक्स में रखकर बेड के नीचे व्यवस्थित किया जा सकता है। इससे अलमारी में काफी जगह खाली हो सकती है और भारी कपड़ों को रखने के लिए जगह बन जाएगी।

सही स्टोरेज बैग और बॉक्स चुनें

सीजनल कपड़ों को पुराने या पतले प्लास्टिक बैग में भरने के बजाय अच्छे स्टोरेज बैग या बॉक्स का इस्तेमाल करें। भारी कपड़ों के लिए बड़े बॉक्स और हल्के कपड़ों के लिए छोटे बैग रख सकते हैं। कपड़ों को कैटेगरी के हिसाब से अलग-अलग रखने से अगले सीजन में उन्हें ढूंढना भी आसान रहेगा।

नमी वाली जगह पर कपड़े रखने से बचें

कपड़ों को ऐसी जगह न रखें जहां सीलन, ज्यादा गर्मी या सीधी धूप आती हो। नमी के कारण कपड़ों में बदबू और फंगस की समस्या हो सकती है। स्टोरेज बॉक्स को घर की ऐसी जगह रखना बेहतर है जो सूखी और हवादार हो।

वर्टिकल फोल्डिंग से बचाएं जगह

अलमारी में कपड़ों को एक के ऊपर एक रखने से नीचे रखे कपड़े निकालना मुश्किल हो जाता है और पूरी स्टैकिंग बिगड़ सकती है। वर्टिकल फोल्डिंग से कपड़ों को इस तरह रखा जा सकता है कि हर कपड़ा आसानी से दिखाई दे और जरूरत के समय सिर्फ वही कपड़ा निकले।

कपड़ों को कैटेगरी के हिसाब से रखें

टी-शर्ट, कुर्ती, जींस, जैकेट और दूसरे कपड़ों को अलग-अलग कैटेगरी में रखें। इससे अलमारी ज्यादा व्यवस्थित रहेगी और कपड़े ढूंढने में समय भी नहीं लगेगा। इसके अलावा मल्टी-पर्पस हैंगर, अलमारी के दरवाजे पर हुक्स और छोटे ऑर्गेनाइजर या बास्केट का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इन छोटी-छोटी ट्रिक्स की मदद से मौसम बदलने पर अलमारी को बिना ठूंस-ठूंसकर भी व्यवस्थित किया जा सकता है। इससे कम जगह में ज्यादा कपड़े आसानी से सेट होंगे और जरूरत के समय कपड़े निकालना भी आसान रहेगा।

Advertisement

सेवा के 25 वर्ष 14 सितम्बर से  13 ऑक्टोबर