केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। 3 अक्टूबर को शाह भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके अलावा उनके अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। वीआईपी सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कुछ प्रमुख जगहों के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। इस दायरे में ताज लेकफ्रंट होटल, भेल दशहरा मैदान और IISER भौंरी के आसपास का क्षेत्र शामिल है।
ड्रोन और दूसरी उड़ने वाली चीजों पर रोक
प्रशासन के आदेश के अनुसार इन इलाकों में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और दूसरे फ्लाइंग ऑब्जेक्ट उड़ाने पर रोक रहेगी। सुरक्षा को देखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, आदेश 2 अक्टूबर शाम 6 बजे से लागू होगा। इस दौरान इन क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जाएगी। बिना अनुमति किसी भी तरह की उड़ने वाली वस्तु का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
3 अक्टूबर को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे शाह
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में होने वाले गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में 35 हजार से ज्यादा गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े लोग पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद वे भौरी के पास IISER परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नो-फ्लाइंग जोन का आदेश 2 अक्टूबर शाम 6 बजे से 3 अक्टूबर रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।