नर्मदापुरम।नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की जांच में राजनीतिक रसूख वाले परिवार से जुड़े दो भाइयों और इटारसी के एक कैफे संचालक की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता का बेटा
महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी अनुज सोनकर है। पुलिस के अनुसार, अनुज इटारसी के पूर्व पार्षद और कांग्रेस जिला महासचिव रजनीकांत सोनकर का बेटा है। उसका बड़ा भाई राहिल सोनकर भाजपा कार्यकर्ता बताया गया है। 12 सितंबर की रात पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और राहिल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी अनुज को मंगलवार को नर्मदापुरम से गिरफ्तार कर लिया गया।
‘हिंडन कैफे’ संचालक भी गिरफ्तार
जांच के दौरान मामले में इटारसी के ‘हिंडन कैफे’ के संचालक हर्ष जॉनसन का नाम सामने आया। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि उसके साथ कैफे के गुप्त केबिन में अपराध किया गया। इसके बाद पुलिस और FSL की टीम जांच के लिए कैफे पहुंची तो कथित तौर पर वहां के केबिन मौजूद नहीं थे। पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप
पुलिस जांच में आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद कैफे संचालक ने सबूत मिटाने के इरादे से आनन-फानन में केबिन हटवा दिए। हालांकि, पुलिस और FSL टीम को फर्श और छत के पंखों पर कुछ निशान मिले। जांच में कैफे में छह केबिन होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन निशानों और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है।
DNA और मेडिकल जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे
मुख्य आरोपी अनुज को मेडिकल और DNA जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले में उपलब्ध भौतिक साक्ष्यों, बयानों और फॉरेंसिक जांच को आपस में मिलाकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ या अपराध में किसी भी तरह की भूमिका सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।