मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दे रहे इंटर्न डॉक्टरों के लिए राहत की खबर है। डॉ. मोहन यादव सरकार ने उनके स्टाइपेंड में बढ़ोतरी कर दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब मेडिकल इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने 21,500 रुपए स्टाइपेंड मिलेगा।
प्रदर्शन के बाद मिला था आश्वासन
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों ने कुछ समय पहले प्रदर्शन और धरना किया था। डॉक्टरों का कहना था कि मध्य प्रदेश में उन्हें दूसरे राज्यों की तुलना में कम स्टाइपेंड मिल रहा है। मामले को लेकर इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार के सामने अपनी मांग रखी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉक्टरों से बातचीत कर उनकी मांगों पर विचार करने और समाधान का आश्वासन दिया था। आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टरों ने अपना धरना समाप्त कर दिया था।
₹14,337 से बढ़कर ₹21,500
सरकार के नए आदेश के बाद इंटर्न डॉक्टरों के मासिक स्टाइपेंड में करीब 7 हजार रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। पहले उन्हें हर महीने 14,337 रुपए मिलते थे। अब यह राशि बढ़ाकर 21,500 रुपए प्रतिमाह कर दी गई है। इस फैसले से प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे मेडिकल छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर औपचारिक आदेश जारी किया है। लंबे समय से मांग कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के लिए इसे अहम फैसला माना जा रहा है। स्टाइपेंड में बढ़ोतरी के बाद इंटर्न डॉक्टरों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, सरकार के इस फैसले से उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हो गई है।