हरियाणा के फरीदाबाद में नशे के खिलाफ बड़े जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को ‘ड्रग-फ्री हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ का आयोजन किया गया। सूरजकुंड से शुरू हुई इस मैराथन में 1.35 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़
मैराथन में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की अलग-अलग दौड़ आयोजित की गई। इसमें युवाओं के साथ महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, छात्र और खिलाड़ी भी शामिल हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
CM सैनी ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें परिवार, स्कूल और समाज की भी अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने की अपील की।
सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं की पहचान मेहनत, खेल और उपलब्धियों से है, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहिए।

शिखर धवन भी मैराथन में हुए शामिल
मैराथन में पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का संदेश सिर्फ एक दिन तक सीमित रखने के बजाय हर जिले, गांव और परिवार तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है।