भोपाल के 45 बंगला इलाके में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। चोर बंगले का ताला तोड़कर एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चोरी कर ले गए। बताया गया है कि विधायक का सरकारी आवास जुलाई महीने से खाली पड़ा था।
23 जुलाई को लगाया था ताला
पुलिस के मुताबिक, विधायक प्रीतम लोधी अपने भतीजे राजेश लोधी के साथ 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे सरकारी आवास पर पहुंचे थे। दोनों बंगले पर ताला लगाकर शिवपुरी चले गए थे। इसके बाद आवास बंद था।
30 सितंबर को वापस लौटे तो टूटा मिला ताला
राजेश लोधी के मुताबिक, 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे जब वे बंगले पर वापस लौटे, तो पीछे की तरफ का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच की गई तो एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां गायब मिलीं।
अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज
मामले की शिकायत राजेश लोधी ने टीटी नगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि घटनास्थल की जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।