महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चाकण औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज, ट्रैफिक मैनेजमेंट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए ₹1,400 करोड़ की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इसके साथ ही पुणे के हिंजवडी में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए ₹426 करोड़ के अलग प्लान को भी मंजूरी दी गई है। सह्याद्री अतिथि गृह में हुई बैठक में संबंधित विभागों ने दोनों योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया।
दिसंबर से शुरू हो सकता है काम
बैठक में बताया गया कि चाकण और हिंजवडी के प्रोजेक्ट्स पर दिसंबर से काम शुरू करने की योजना है। चाकण में अगले मानसून से पहले ट्रैफिक और जल निकासी की समस्याओं में सुधार का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए हैं।
78 किमी प्राकृतिक नालों से हटेगा अतिक्रमण
चाकण औद्योगिक क्षेत्र में करीब 78 किलोमीटर लंबे प्राकृतिक नालों पर अतिक्रमण के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। योजना के तहत प्राकृतिक नालों को खाली कराया जाएगा और करीब 38 किलोमीटर लंबी सड़क किनारे ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाएगी। जून 2027 तक जल निकासी से जुड़े प्रमुख काम पूरे करने का लक्ष्य है।
498 किमी सड़क नेटवर्क का अध्ययन
चाकण औद्योगिक क्षेत्र के करीब 498 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का अध्ययन किया गया है। पहले चरण में लगभग 75 किलोमीटर सड़कों के सुधार की योजना है। इसमें फुटपाथ, सुरक्षित क्रॉसिंग, ड्रेनेज, सड़क सुरक्षा और यातायात सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उपलब्ध रोड स्पेस का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी जोर रहेगा।
AI से होगा ट्रैफिक मैनेजमेंट
चाकण के छह प्रमुख चौराहों को नए तरीके से विकसित करने की योजना है। ट्रैफिक जाम और हादसों को कम करने के लिए AI आधारित ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे, रडार, नंबर प्लेट पहचान प्रणाली और सेंट्रल कंट्रोल रूम प्रस्तावित हैं। नेशनल हाईवे पर अनधिकृत डिवाइडरों को ठीक करने और निर्धारित स्थानों पर यू-टर्न की सुविधा देने की योजना भी शामिल है।
500 अतिरिक्त बसों की जरूरत
चाकण में पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ से आने वाले कर्मचारियों और नागरिकों के कारण निजी वाहनों का दबाव बढ़ता है। इसे कम करने के लिए ट्रैफिक और बिग डेटा के आधार पर रूट-वाइज पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए करीब 500 अतिरिक्त बसों की जरूरत बताई गई है।
1 अक्टूबर से 100 जवानों की तैनाती
चाकण परिसर में यातायात प्रबंधन के लिए 1 अक्टूबर से महाराष्ट्र सुरक्षा बल के 100 जवान उपलब्ध कराने की योजना है। CCTV और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए ट्रैफिक की निगरानी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंजवडी के लिए ₹426 करोड़ का प्लान
हिंजवडी में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए ₹426 करोड़ की अलग योजना तैयार की गई है। इसके अलावा बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए छह एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। यहां भी यातायात प्रबंधन के लिए महाराष्ट्र सुरक्षा बल के 100 जवान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
चाकण में पानी की आपूर्ति, बिजली, कचरा प्रबंधन, पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर भी कई प्रस्ताव योजना में शामिल किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ट्रैफिक और जलभराव जैसी समस्याओं को कम करना है।