बालों की देखभाल को लेकर अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि रोज शैंपू करना सही है या इससे बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं। इसी वजह से कई लोग बालों को कई दिनों तक नहीं धोते। हालांकि, हेयर एक्सपर्ट के मुताबिक बालों की सेहत के लिए सबसे जरूरी चीज स्कैल्प की साफ-सफाई है।
उनका कहना है कि स्कैल्प पर धूल, पसीना, तेल और प्रदूषण जमा होते रहते हैं। ऐसे में लंबे समय तक बालों की सफाई न करने से गंदगी और ऑयल की परत जम सकती है। इसलिए सिर्फ इस डर से बाल धोना बंद कर देना सही तरीका नहीं है।
रोज शैंपू करने को लेकर क्या ?
अगर बालों को साफ रखने की जरूरत है तो सिर्फ इस वजह से रोज शैंपू करने से डरने की जरूरत नहीं है कि इससे बाल झड़ने लगेंगे। हम रोज अपने दांत और मुंह की सफाई करते हैं, तो बालों की सफाई को लेकर इतनी चिंता क्यों की जाए।
भारत में धूल, गर्मी और प्रदूषण की वजह से स्कैल्प पर पसीना और तेल जमा हो सकता है। इसलिए बालों को अपनी जरूरत और स्कैल्प की स्थिति के हिसाब से नियमित रूप से साफ करना जरूरी है।
शैंपू कितना इस्तेमाल करें?
बाल धोने के लिए शैंपू के अलावा रीठा जैसे विकल्पों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, शैंपू की मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।
बाल साफ करने के लिए बहुत ज्यादा शैंपू इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। जरूरत के अनुसार उचित मात्रा में शैंपू लेकर स्कैल्प और बालों को अच्छी तरह साफ किया जा सकता है।
पहले बाल गीले करें, फिर लगाएं तेल
बालों में तेल लगाने के तरीके को लेकर भी सलाह सूखे बालों पर सीधे तेल लगाने के बजाय पहले बालों को अच्छी तरह गीला करना चाहिए। इसके बाद अपनी पसंद का तेल लगाया जा सकता है।
बालों में तेल लगाने के लिए किसी महंगे या खास तेल की जरूरत नहीं है। घर में इस्तेमाल होने वाला सामान्य तेल भी लगाया जा सकता है। उत्तर भारत में सरसों के तेल का इस्तेमाल आम है।
तेल कितनी देर लगाकर रखें?
पहले बालों को गीला करें और फिर तेल लगाएं। अगर बाल लंबे हैं तो तेल लगाने के बाद हल्की कंघी की जा सकती है। इसके बाद करीब 5 मिनट तक तेल लगा रहने दें और फिर बाल धो लें।
बाल धोने के लिए किसी महंगे शैंपू की जरूरत नहीं है। जिस शैंपू का इस्तेमाल आप सामान्य तौर पर करते हैं, उससे भी बाल धोए जा सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि स्कैल्प और बाल अच्छी तरह साफ हों।
बाल धोने की फ्रीक्वेंसी कैसी हो?
बाल कितनी बार धोने चाहिए, इसका कोई एक नियम हर व्यक्ति पर लागू नहीं होता। स्कैल्प ऑयली है, कितना पसीना आता है, प्रदूषण कितना है और बालों की स्थिति कैसी है, इन बातों के आधार पर बाल धोने की जरूरत अलग हो सकती है।
इसलिए बाल झड़ने के डर से लंबे समय तक बाल न धोना जरूरी नहीं है। जरूरत के मुताबिक स्कैल्प की सफाई रखना बालों की देखभाल का अहम हिस्सा है।