बेंगलुरु में जिम की सालगिरह का जश्न एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। हेब्बाल इलाके के केम्पापुरा में 25 वर्षीय जिम ट्रेनर नंदन की कथित तौर पर उसके परिचितों ने हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चारों की नंदन से पहले से पहचान थी और वे उसी जिम से जुड़े हुए थे।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिम की सालगिरह के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जिम की पहली सालगिरह के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नंदन भी इसमें शामिल हुआ था। वह घर से यह कहकर निकला था कि अगर देर हो गई तो वह अगली सुबह लौटेगा।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नंदन अपने परिचित अनुष के अपार्टमेंट पहुंचा। अनुष भी उसी जिम में ट्रेनिंग करता था। वहां नंदन की कथित तौर पर तीन अन्य जिम ट्रेनरों; शरद, निशांत और विश्वनाथ के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और नंदन पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया।
हमले में नंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए हेब्बाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
शरीर पर मिले चोट के निशान
नंदन की मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी मां मंजुला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अपने बेटे के शरीर पर चोट के निशान देखे। इसके बाद उन्होंने अमृतहल्ली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई |शिकायत में आरोप लगाया गया कि अपार्टमेंट में विवाद के बाद नंदन पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी नंदन के परिचित थे। मामले में उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपार्टमेंट में विवाद किस वजह से शुरू हुआ और नंदन पर किस तरह हमला किया गया। पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।
नंदन की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जिम की सालगिरह के जश्न के बाद हुई इस हत्या ने इलाके में सुरक्षा और युवाओं के बीच बढ़ते विवादों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।