पटना जिले के बेहरावां चकिया गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लगातार दूसरे दिन हमला किया गया। रविवार को छापेमारी के दौरान कथित शराब तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की छह गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान रवि मांझी के घर की तलाशी ली गई, जहां से एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए। मामले में करीब 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कुछ संदिग्ध पुलिस से बचने के लिए पुनपुन नदी में कूदकर फरार हो गए।
चार थानों की पुलिस ने चलाया अभियान
मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले भी बेहरावां चकिया में पुलिस टीम पर हमला हुआ था। इसके बाद इलाके में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया। डीएसपी के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस गांव और पुनपुन नदी के आसपास पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कई लोग वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर करीब 35 लोगों को हिरासत में लिया।
फायरिंग के बाद पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस की करीब आधा दर्जन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और अवैध देसी शराब को नष्ट किया। घटना के बाद बेहरावां चकिया गांव और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम पर दो दिन पहले हुए हमले के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर भी आरोपितों की गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस फरार लोगों की तलाश में नदी और आसपास के इलाकों में अभियान चला रही है।