केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुणे पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। साइबर फॉरेंसिक टीम ने आरोपियों के मोबाइल से 1,801 चैट रिकवर की हैं। इनमें WhatsApp से डिलीट की गई 11 अहम बातचीत भी शामिल हैं। जांच में ChatGPT की 81 सर्च, WhatsApp की 367, Instagram की 248 और Snapchat की 128 गतिविधियों का भी विश्लेषण किया गया।
सिया ने ChatGPT से मांगी सलाह
पुलिस के अनुसार, सिया ने इंटरनेट और ChatGPT पर ऐसे सवाल सर्च किए, जो हत्या की साजिश और उसके बाद की स्थिति से जुड़े बताए जा रहे हैं। उसने सास से भावनात्मक माफी मांगने, पति का गुस्सा शांत करने और पति की मौत के बाद दुख जताने जैसी बातें भी सर्च कीं। साथ ही पुलिस से बचने और डिलीट चैट को बरामद किए जाने की जानकारी भी तलाशने की बात सामने आई है।
लोहगढ़ में पहले ही की थी रेकी
जांच के मुताबिक, 31 मई को सिया केतन को लोहगढ़ लेकर गई थी। वहां पानी और प्राकृतिक नजारों का बहाना बनाकर उसे चट्टान के किनारे खड़ा किया और अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लीं। पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी उसे नीचे धकेलने की कोशिश हुई थी, लेकिन योजना सफल नहीं हुई।
फिल्मों और पुराने मामलों से जुटाई जानकारी
पुलिस रिकॉर्ड में बदला, इत्तेफाक, हिट: द फर्स्ट केस और चोर निकल के भागा जैसी फिल्मों से जुड़े सर्च का भी जिक्र है। आरोपियों ने लोहगढ़ में पर्यटक की मौत और मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी जानकारी भी इंटरनेट पर पढ़ी। पुलिस ने करीब 9,200 वीडियो खंगाले।
केतन ने दोस्त से बताई थी परेशानी
चार्जशीट के मुताबिक, 16 मई को केतन अपनी पुरानी महिला दोस्त से मिला था। उसने सिया के व्यवहार को लेकर परेशानी साझा की थी। बताया गया कि सिया की शराब की लत और उसके व्यवहार से वह तनाव में था।
जन्मदिन के लिए किया था बड़ा इंतजाम
दूसरी ओर, केतन सिया के 19 जून के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर में बड़ा आयोजन कर रहा था। उसने होटल में 25 कमरे और प्राइवेट स्विमिंग पूल बुक किया था। करीब 3 लाख रुपए के आयोजन के लिए 50 हजार रुपए एडवांस भी दिए थे। 18 जून को केतन की मौत के बाद सिया उसके अंतिम दर्शन के लिए भी नहीं पहुंची।