राजगढ़ जिला अस्पताल में डिलीवरी के कुछ घंटे बाद प्रसूता अमरी बाई की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्टाफ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि डिलीवरी कराने के लिए नर्स ने रुपए लिए और प्रसव के बाद ज्यादा ब्लीडिंग होने पर समय पर इलाज नहीं दिया गया।
नर्स पर ₹2 हजार लेने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर अमरी बाई को डिलीवरी के लिए अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि नर्स ने 5 हजार रुपए की मांग की थी। परिवार ने आर्थिक स्थिति का हवाला देकर रकम कम करने की बात कही। इसके बाद कथित तौर पर 2 हजार रुपए में बात तय हुई और अमरी बाई के पति दिनेश ने नर्स को रुपए दिए।
बच्ची के जन्म के बाद बिगड़ी हालत
शाम करीब 5:30 बजे अमरी बाई ने बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, डिलीवरी के बाद मां और बच्ची दोनों की हालत ठीक थी। हालांकि, रात करीब 12 बजे अचानक अमरी बाई को तेज ब्लीडिंग शुरू हो गई। परिवार के लोग तुरंत नर्स को बुलाने पहुंचे।
नर्स पर समय पर नहीं आने का आरोप
अमरी बाई की सास धापू बाई का आरोप है कि नर्स अपने कमरे में सो रही थीं और दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर बहू की हालत बताई, लेकिन आरोप है कि नर्स ने तत्काल इलाज नहीं किया। परिजनों का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने से अमरी बाई की हालत बिगड़ती गई और उनकी मौत हो गई।
पूर्व विधायक के साथ धरने पर बैठे परिजन
मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर और हेमराज कल्पोनी भी परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए। प्रशासन की समझाइश के बाद धरना खत्म हुआ, लेकिन परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया।
एसडीएम ने जांच का दिया आश्वासन
मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मंजू मखेनिया और एसडीएम निधि भारद्वाज अस्पताल पहुंचीं। एसडीएम ने जांच दल गठित कर रुपए लेने और इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस की मौजूदगी में अमरी बाई का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल परिजनों के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।