नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है। गाने में भगवान राम और माता सीता के दिव्य संबंध के साथ उनके विवाह की भव्य झलक देखने को मिलती है। गाने को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा और इसका पहला पार्ट नवंबर 2026 में दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आने की उम्मीद है।
Ramayana song dropped on Ganesh Chaturthi and I couldn’t ask for a better choice than my favourites, Shreya Ghoshal and Arijit Singh.
— Lala (@FabulasGuy) September 14, 2026
After a perfect cast, the perfect singers are in place too.
Such a soothing melody, especially Arijit’s part. This one is definitely going on… pic.twitter.com/wgu7c5F0SO
श्रेया और अरिजीत ने दी आवाज
‘जय जय राम’ में भक्ति और आध्यात्मिक भाव को प्रमुखता दी गई है। गाने में ‘जय जय राम’ का बार-बार दोहराव इसे एक मंत्र जैसा एहसास देता है। इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि ए.आर. रहमान ने गाने को कंपोज, प्रोड्यूस और अरेंज किया है। गाने में भगवान राम के प्रति आस्था, विश्वास और उनकी शरण में जाने की भावना को दर्शाया गया है। विजुअल्स में राम और सीता के विवाह के भव्य दृश्य फिल्माए गए हैं, जो दर्शकों को फिल्म की भव्य दुनिया की झलक देते हैं।
ए.आर. रहमान और हैंस जिमर का साथ
‘रामायण’ के संगीत को लेकर भी काफी चर्चा है। फिल्म के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हैंस जिमर भी काम कर रहे हैं। दोनों मिलकर फिल्म के म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर पर काम कर रहे हैं। यह फिल्म के भव्य स्तर को दिखाता है।
रणबीर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण
फिल्म में बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में हैं। साउथ सुपरस्टार यश फिल्म में रावण का रोल निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
30 जुलाई को रिलीज हुआ था ट्रेलर
फिल्म के पहले पार्ट का ट्रेलर 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर सुबह 4:15 बजे रिलीज किया गया था। ट्रेलर को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया। ट्रेलर के बाद से ही फिल्म के विजुअल्स, स्टारकास्ट और भव्यता को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
4000 करोड़ के बजट में बन रही फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ को करीब 4000 करोड़ रुपये के कुल बजट में दो भागों में बनाया जा रहा है। अगर यह आंकड़ा सही है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होगी। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है। पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है। अब ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।