गोरखपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत अवेद्यनाथ की श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। लगातार तीसरे दिन गोरखपुर में मौजूद CM योगी ने महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संतों ने हिंदू समाज की एकता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। CM योगी ने महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ के सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया।
संतों के योगदान को किया याद
CM योगी ने कहा कि महंत दिग्विजयनाथ हिंदू समाज की एकता और हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने के पक्षधर थे। वहीं, महंत अवेद्यनाथ ने समाज में बिखरी हिंदू शक्तियों को एकजुट करने और सामाजिक समता का वातावरण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने कहा कि महंत अवेद्यनाथ का जीवन समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता है।
गोरखनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
श्रद्धांजलि सभा से पहले CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में गाय को गुड़ और रोटी खिलाई। बाद में मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान करीब 150 लोगों ने अपनी समस्याएं CM योगी के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान CM योगी ने लोगों से कहा कि वे चिंता न करें। सरकार हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों को न्याय मिलना चाहिए और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। CM योगी ने जरूरतमंद मरीजों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।