लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान किसानों, सहकारिता और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई।
'भारत टैक्सी' एवं 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' के शुभारंभ हेतु आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री @mohol_murlidhar जी के साथ सम्मिलित हुआ।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 23, 2026
इस अवसर पर 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' के ई-पोर्टल, किसानों को उर्वरक एवं बीज की सहज, सुव्यवस्थित व… pic.twitter.com/6Zbch0Ut2c
किसानों को 6% ब्याज पर मिलेगा ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु और सीमांत किसानों को सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पहले इस तरह के ऋण पर ब्याज दर करीब 11 से 11.50 प्रतिशत तक थी।
योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था की है। अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले पात्र पुराने ऋणियों को भी ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा।
ई-पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही किसानों को उर्वरक और बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश सहकारी आंकड़ा केंद्र के मोबाइल ऐप को भी लॉन्च किया गया।
इन डिजिटल सुविधाओं के जरिए सहकारी क्षेत्र से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाने और किसानों तक योजनाओं की जानकारी बेहतर तरीके से पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी सेवा को भी औपचारिक रूप से शुरू किया गया। भारत टैक्सी और विभिन्न संस्थाओं के बीच सहमति पत्रों का आदान-प्रदान हुआ। लखनऊ हवाई अड्डा, लखनऊ मेट्रो, लखनऊ पुलिस और भारत टैक्सी के बीच हुए समझौतों के जरिए यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी से करीब 50 हजार चालक जुड़े हैं, जिनमें लगभग 40 हजार चालक लखनऊ के बताए गए हैं।
सारथियों को मिले शेयर प्रमाण-पत्र
भारत टैक्सी से जुड़े सारथियों को कार्यक्रम में शेयर प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। चालकों के लिए 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा और बिना कमीशन सेवा से जुड़ने की व्यवस्था की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और भारत टैक्सी के सारथियों को शेयर प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और अन्य अतिथियों ने भारत टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।