उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को गिराए जाने के बाद मलबा हटाने के दौरान करीब 20 फीट गहरे कुएं की संरचना मिलने से प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, कुएं की संरचना की जांच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और भारतीय सर्वेक्षण विभाग की टीमें करेंगी। फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कुएं को ढक दिया गया है।
मलबा हटाने के दौरान मिली कुएं की संरचना
अधिकारियों के अनुसार, कोर्ट के आदेश के तहत मस्जिद को हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद जब मलबा हटाया गया तो मस्जिद के बीच में कुएं जैसी संरचना दिखाई दी। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसे ढक दिया है। एसडीएम (सदर) सुबोध कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार पहले मस्जिद हटाने की कार्रवाई की गई। इसी दौरान कुएं की संरचना सामने आई है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच ASI की टीम करेगी और जांच के बाद ही इसके संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
प्रशासन के मुताबिक
ASI और भारतीय सर्वेक्षण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर संरचना की जांच करेंगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कुएं की प्रकृति और उससे जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
सियासत भी शुरू
मस्जिद को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। सांसद चंद्रशेखर ने कहा- हम यह लड़ाई सदन, कोर्ट और सड़क पर लड़ेंगे। मस्जिद गिराने में इतनी जल्दबाजी क्यों की गई?
वहीं, मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने X पर लिखा- अखिलेशजी, सहारनपुर जाकर अवैध इमारत के मलबे के सामने फातिहा पढ़ेंगे? यूपी पूछ रहा है, बताइए न?
अखिलेश जी,
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) September 6, 2026
सहारनपुर जाकर अवैध इमारत के मलबे के सामने फ़ातिहा पढ़ेंगे? क्या आप मसूद भाई की बातों का समर्थन करेंगे?
यूपी पूछ रहा है, बताइए ना?@yadavakhilesh
मस्जिद का मलबा हटाकर जगह की गई समतल
मस्जिद को हटाए जाने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में खाली हुई जगह को प्रशासन ने समतल कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मलबे को सहारनपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर निर्धारित स्थान पर ले जाकर डंप किया गया है। प्रशासन की ओर से परिसर से मलबे को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई की गई। कुएं की संरचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
सहारनपुर पहुंचेगा सपा प्रतिनिधिमंडल
इस बीच, सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को गिराए जाने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सहारनपुर पहुंचने वाला है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा। सपा के कार्यालय की ओर से जारी ज्ञापन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाकात कर घटना से जुड़े तथ्यों और प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी लेगा।
सपा ने उठाए कार्रवाई पर सवाल
समाजवादी पार्टी का दावा है कि 4 सितंबर की शाम जिला प्रशासन की ओर से मस्जिद को सील करने का आश्वासन दिया गया था और उसे गिराने की बात नहीं कही गई थी। पार्टी के अनुसार, इसके बावजूद बाद में सिविल कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए मस्जिद को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
इतिहास और स्वरूप
सपा प्रतिनिधिमंडल मामले की वास्तविक स्थिति और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा। फिलहाल कुएं की संरचना को लेकर स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन ने भी कहा है कि ASI और संबंधित सर्वेक्षण टीमों की जांच के बाद ही इसके इतिहास और स्वरूप के बारे में कोई निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।