मानसून ने फिर से पूरे UP को कवर कर लिया है। सुबह से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाए हुए है। प्रयागराज में देर रात से हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए। करेली इलाके की कॉलोनियों और गलियों में 3-4 फीट तक पानी भर गया।
75 जिलों में बारिश का अलर्ट
कारें और बाइकें डूब गई हैं। लोग पहली मंजिल पर रहने को मजबूर हो गए हैं। गलियों में नावें चलाई जा रही हैं। पुलिस और NDRF की टीम लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। लखनऊ में 6 घंटे से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गई हैं। यहां रविवार को इस सीजन में एक दिन में सबसे अधिक 40.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। आज आदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। सीतापुर, हरदोई और रायबरेली में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

500 से ज्यादा घरों में पानी घुसा
इधर, UP में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। कानपुर-उन्नाव में गंगा किनारे बसे इलाके जलमग्न हो गए हैं। 500 से अधिक घरों में पानी घुस गया है। सड़कों और गलियों में नावें चल रही हैं। लोग छतों पर जिंदगी काटने को मजबूर हैं। इधर चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं।