राकेश अग्रवाल मर्डर: आगरा से आरोपी की गिरफ्तारी का दावा निकला फर्जी, पुलिस ने किया साफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गिरफ्तारी की खबर भ्रामक, पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
गिरफ्तारी को लेकर फर्जी खबर वायरल
भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने मामले के आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, यह दावा गलत और भ्रामक बताया जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तारी से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, राकेश अग्रवाल हत्याकांड में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल गिरफ्तारी की खबर पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
CM डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख
भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री राकेश अग्रवाल जी का दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। श्री अग्रवाल जी विनम्र एवं कर्मठ अधिकारी रहे, उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 30, 2026
पुलिस महानिदेशक को मामले की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार इस…
राकेश अग्रवाल के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राकेश अग्रवाल को विनम्र और कर्मठ अधिकारी बताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
जांच पर टिकी नजर
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मामले से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसके आधिकारिक स्रोत से सत्यापन करना जरूरी है।
केयरटेकर पर शुरुआती शक, लूट का एंगल भी जांच में
हत्या की जांच में पुलिस का शुरुआती शक घर में काम करने वाले केयरटेकर अरुण पर है। वारदात के बाद से वह फरार है। पुलिस के मुताबिक, हत्या रात 12 से 2 बजे के बीच हुई। इसके बाद रात करीब 2:15 बजे अरुण सूरज नगर से भदभदा की ओर जाने वाली सड़क पर लगे CCTV कैमरे में दिखाई दिया। फुटेज में वह पिट्ठू बैग लेकर जाता नजर आ रहा है।