बंगाली खान-पान का नाम आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में मछली और चावल का ख्याल आता है। लेकिन बंगाली किचन में कई ऐसे शाकाहारी व्यंजन भी हैं, जो अपने खास स्वाद और खुशबू के लिए पसंद किए जाते हैं। इन्हीं में से एक है आलू पोश्तो। आलू पोश्तो में आलू को खसखस यानी पोश्तो के पेस्ट के साथ पकाया जाता है। इसमें सरसों के तेल की खुशबू और हरी मिर्च का स्वाद इस डिश को खास बनाता है। गरम चावल के साथ इसे परोसा जाए तो इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है।
आलू पोश्तो बनाने के लिए सामग्री
- 3 से 4 मध्यम आकार के आलू
- 4 बड़े चम्मच खसखस
- 3 से 4 हरी मिर्च
- आधा छोटा चम्मच कलौंजी
- 1 सूखी लाल मिर्च
- एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 3 से 4 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- स्वादानुसार नमक
खसखस का पेस्ट तैयार करें
सबसे पहले खसखस को हल्के गर्म पानी में करीब 20 से 30 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर इसमें 2 हरी मिर्च और 1 से 2 चम्मच पानी डालें। इसे मिक्सी में अच्छी तरह पीसकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें।
आलू को हल्का भूनें
आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब कड़ाही में 2 से 3 चम्मच सरसों का तेल डालकर गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद इसमें कटे हुए आलू डालकर मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट तक हल्का भूनें। इसके बाद आलू को निकालकर अलग रख दें।
कलौंजी और लाल मिर्च का तड़का लगाएं
उसी कड़ाही में जरूरत के अनुसार थोड़ा तेल डालें। इसमें कलौंजी और सूखी लाल मिर्च डालकर चटकने दें। इसके बाद भुने हुए आलू कड़ाही में डालें। इसमें नमक और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
पोश्तो का पेस्ट डालकर पकाएं
आलू में तैयार किया हुआ खसखस का पेस्ट डालें और आंच धीमी कर दें। इसे 2 से 3 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं। इसके बाद करीब आधा कप पानी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।
धीमी आंच पर पकाएं
कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर करीब 7 से 8 मिनट तक पकने दें। बीच में एक बार चेक कर लें कि आलू अच्छी तरह पक रहे हैं या नहीं। जब आलू नरम हो जाएं और पोश्तो की ग्रेवी गाढ़ी हो जाए तो गैस धीमी कर दें।
ऊपर से डालें सरसों का तेल
आखिर में दो चीरी हुई हरी मिर्च और करीब एक छोटा चम्मच सरसों का तेल ऊपर से डालें। एक बार हल्के हाथ से मिलाएं और गैस बंद कर दें। गरमा-गरम आलू पोश्तो को चावल के साथ सर्व करें। बंगाली स्टाइल का यह शाकाहारी व्यंजन घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।