छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अमलतास कॉलोनी में शुक्रवार को ज्योति चौरसिया की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के पति लखन जोशी और उसके दोस्त सोनू कुशवाहा को करीब चार घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के नानोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया।
बाइक से पीछा कर हमला करने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपियों ने महिला का बाइक से पीछा किया था। मौका मिलते ही उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया। महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर मकान को सील कर दिया। मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।
ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई पुलिस
पुलिस के मौके पर पहुंचने के समय मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। कमरे में मृतका के चार और छह साल के दो बच्चे सोते हुए मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने साथ ले गई।
बच्चों को कमरे में किसने बंद किया?
बच्चों के कमरे को बाहर से बंद किए जाने की बात भी जांच का अहम हिस्सा बनी हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ज्योति घर से निकलते समय बच्चों को कमरे में बंद करके गई थी या फिर हत्या के बाद आरोपियों ने बच्चों को अंदर बंद किया था।
एक महीने पहले किराए पर आई थी ज्योति
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक ज्योति चौरसिया मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी। वह छतरपुर के प्रांजल होटल में काम करती थी। करीब एक महीने पहले ही वह अपने दोनों बच्चों के साथ अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब पति-पत्नी के बीच हुए घटनाक्रम, पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों और परिवार से जुड़े विवादों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की वजह और वारदात का पूरा क्रम स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
एक महीने में दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता
अमलतास कॉलोनी में करीब एक महीने के भीतर हत्या की यह दूसरी वारदात सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध होने की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकेंगे।