लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शनिवार शाम इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले सियासी हलचल तेज हो गई। शुक्रवार देर रात किला मैदान, महेश गार्डन गाइडलाइन समेत कुछ इलाकों में ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय’ लिखे पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए। सुबह जानकारी मिलने पर कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कुछ पोस्टर हटवाए।
होर्डिंग किसने लगाए, स्पष्ट नहीं
इन होर्डिंग को किस व्यक्ति या संगठन ने लगाया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। किसी संगठन ने सार्वजनिक रूप से इनकी जिम्मेदारी नहीं ली है। पोस्टरों में राहुल गांधी के पिछले कार्यक्रमों में किए गए दावों पर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस ने इन पोस्टरों को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया है, हालांकि भाजपा की ओर से इन होर्डिंग की जिम्मेदारी लेने की जानकारी सामने नहीं आई है।
कार्यक्रम स्थल और शुल्क को लेकर विवाद
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर शुरुआत से ही स्थल और अनुमति का मुद्दा रहा है। कांग्रेस पहले नेहरू स्टेडियम में आयोजन करना चाहती थी। बाद में रीजनल पार्क के सामने आईडीए की जमीन तय हुई। आईडीए ने 12 हजार वर्गमीटर जमीन तीन दिन के लिए पांच शर्तों के साथ 10 लाख 8 हजार रुपए के शुल्क पर आवंटित की थी।
अतिरिक्त जमीन के इस्तेमाल पर भी मामला
आईडीए के मुताबिक करीब 4,800 वर्गमीटर हिस्से का इस्तेमाल तय अवधि से पहले शुरू हो गया था। इसके बाद कांग्रेस से अतिरिक्त उपयोग के लिए 4.03 लाख रुपए जमा कराने को कहा गया। कांग्रेस ने यह राशि जमा कर दी। जमीन के उपयोग, अनुमति और व्यवस्थाओं को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने लगाईं 31 शर्तें
कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर आयोजकों के सामने 31 शर्तें रखीं। इनमें कार्यक्रम में आने वालों की संख्या, पुरुष-महिला और छात्राओं का अलग-अलग विवरण, जिलों व कॉलेजों की जानकारी, बसों के नंबर और पार्किंग व्यवस्था जैसी जानकारियां शामिल हैं।
1500 स्वयंसेवक और 14 गेट की व्यवस्था
पुलिस ने कम से कम 1500 स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश दिए हैं, जिनमें 500 महिलाएं होंगी। कार्यक्रम स्थल पर छह प्रवेश और आठ निकास द्वार के साथ आपातकालीन गलियारे की व्यवस्था भी रखने को कहा गया है। कुछ शर्तों में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद बनी वर्मा कमेटी की रिपोर्ट का संदर्भ भी दिया गया है।
कांग्रेस ने लगाए राजनीतिक दबाव के आरोप
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में बाधाएं पैदा करने के बाद विरोधी होर्डिंग लगाए गए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने और जनता के बीच जाने का अधिकार है। कांग्रेस ने कार्यक्रम निर्धारित स्थल पर ही आयोजित करने की बात कही है।
शनिवार शाम विद्यार्थियों से संवाद करेंगे राहुल
राहुल गांधी शनिवार शाम करीब 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने मैदान में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित बताया गया है। कार्यक्रम से पहले पोस्टर विवाद के कारण इंदौर में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।