पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला देखने के लिए जापान जाने की अनुमति नहीं मिली है। केंद्र सरकार ने उनकी प्रस्तावित जापान यात्रा को राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है।
पंजाब सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, केंद्र की ओर से कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के दौरान किसी वीआईपी की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता।
1 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 3 अक्टूबर को फाइनल
मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुकाबले देखने के लिए जापान आने का निमंत्रण एशियन हॉकी फेडरेशन की ओर से मिला था। यह निमंत्रण 21 सितंबर को भेजा गया था।
मान को आइची-नागोया एशियन गेम्स में हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम चरणों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। आमंत्रण में 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 2 तथा 3 अक्टूबर को होने वाले फाइनल मुकाबलों का उल्लेख किया गया था।
पंजाब में भी होने वाला है बड़ा हॉकी टूर्नामेंट
मान को जापान आने का निमंत्रण ऐसे समय मिला, जब पंजाब खुद एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। राज्य में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित की जानी है।
एशियन हॉकी फेडरेशन के मुताबिक, जापान दौरे से पंजाब के प्रतिनिधिमंडल को बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन की व्यवस्थाओं को करीब से देखने का अवसर मिल सकता था। इससे पंजाब में होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों में भी मदद मिल सकती थी।
पहले भी विदेश यात्राओं को लेकर हुआ विवाद
भगवंत मान की विदेश यात्राओं को राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने का मामला पहले भी चर्चा में रहा है। अगस्त 2024 में विदेश मंत्रालय ने उन्हें पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मैच देखने के लिए फ्रांस जाने की अनुमति नहीं दी थी। मान को 3 से 9 अगस्त तक पेरिस में रहना था। उस समय इस फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार और केंद्र के बीच राजनीतिक विवाद हुआ था।
इसके बाद जनवरी 2026 में केंद्र ने मान की प्रस्तावित ब्रिटेन और इजरायल यात्रा को भी राजनीतिक मंजूरी नहीं दी थी। यह दौरा प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट से पहले निवेशकों तक पहुंच बनाने के कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित था। पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के भी इस यात्रा में शामिल होने की योजना थी।
दिसंबर 2025 में जापान और दक्षिण कोरिया गए थे मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान इससे पहले आधिकारिक कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश यात्राएं कर चुके हैं। दिसंबर 2025 में उन्होंने पंजाब के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए जापान का दौरा किया था। इसके बाद वे निवेश से जुड़े कार्यक्रमों के लिए दक्षिण कोरिया भी गए थे।